पुंछ। सोमवार को देश के कुछ शहरों के साथ ही पुंछ जिले में भी पेट्रोल और डीजल के दाम रिकार्ड स्तर पर पहुंच गए। सोमवार को रियासी में पेट्रोल सबसे महंगा रहा। वहां सोमवार को पेट्रोल 81.64, जबकि डीजल 69.51 रुपये प्रति लीटर बिका। पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि के मामले में पुंछ दूसरे नंबर पर रहा। सोमवार को यहां पेट्रोल 80.29, जबकि डीजल 70.65 रुपये प्रति लीटर बिका।
पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने पहुंचे लोगों ने कहा कि तेल के दाम बढ़न से उनका बजट बिगड़ गया है। आने वाले दिनों में इससे महंगाई सातवें आसमान पर पहुंच जाएगी, जिससे लोगों का जीना मुहाल हो जाएगा। कुछ लोगाें ने बजट कर सही करने के लिए कार के स्थान पर बाइक का अधिक प्रयोग करने का मन बना लिया है। तो बाइक चलाने वालों ने आस पास के क्षेत्रों के कुछ कामों को सार्वजनिक वाहनों में यात्रा कर अथवा कुछ कामों को पैदल निपटाने तक की योजना बना ली है। पेट्रोल एंव डीजल के दाम इतना बढ़ने पर पहुंच जाने से हर किसी के दिल में केन्द्र सरकार और प्रधान मंत्री के प्रति रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि जब सरकार के बाहर भाजपा विपक्ष में थी तो उसको सबसे महंगा पेट्रोल व डीजल लगता था इतना ही नहीं लोगों से पेट्रोल व डीजल के दाम कम करने का वादा हर चुनावी जनसभा में करने वाले इन लोगों के सत्ता में पहुंचने पर आज दाम आसमान छू रहेे हैं।
पुंछ निवासी कौशल कुमार ने कहा कि वे पहले हम कार लेकर मेंढर में ससुराल जाया करते थे, अब बाइक से ही जाना पड़ेगा, क्योंकि पहले तो 100 रुपये के पेट्रोल में मेंढर आना जाना हो जाता था, अब तो 100 रुपये के पेट्रोल में नगर का ही चक्कर लगाओ तो पेट्रोल खत्म हो जाता है। लगता है मोदी जी यही अच्छे दिन लाने वाले थे। उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि न तो अच्छे दिन आए और न 15 लाख खाते में आए। अभी और बुरे दिन आने वाले हैं।
पिछले कई साल से टाटा सूमो एवं स्कारपियो वाहनों से यात्रियों को जम्मू पुंछ लाने ले जाने का काम करने वाले रंधीर सिंह का कहना है कि आज से दस बाहर साल पहले जब पहली टाटा सूमो गाड़ी रूट पर चलानी शुरू की थी, तब डीजल 14 या 15 रुपये लीटर था। आज वह 70 रुपये पार हो गया है। इतना महंगा डीजल होने से ट्रांसपोर्टरों के लिए परेशानी खड़ी हो रही है। इससे भाड़ा बढ़ेगा, जिससे सभी प्रभावित होंगे। मोटर साइकिल के शौकीन जिले से लेकर जम्मू तक मोटर साइकिल पर सबसे अधिक यात्रा करने वाले रमेश बाली का कहना है कि कभी हम 200 रुपये के पेट्रोल में जम्मू पहुंच जाते थे और अब तो सुरनकोट जाने के लिए भी 200 रुपये से ज्यादा का पट्रोल भरवाना पड़ता है। ऐसे में मोदी सरकार ने बजट का बंटाधार कर दिया है। सतविंदर पाल सिंह, अरशद अहमद और अन्य कई लोगों का कहना है कि केन्द्र सरकार महंगाई नियंत्रण में करने की घोषणाएं कर रही है जब पेट्रोल व डीजल के दाम इतने बढ़ा दिए हैं तो महंगाई कैसे कंट्रोल होगी हमें तो यह कोरे झूठे दावे लगते हैं।