रामबन। कमिश्नर संजीव वर्मा और पुलिस महानिरीक्षक एमके सिन्हा ने अन्य अधिकारियों के साथ शुक्रवार को तीर्थयात्रियों के लिए प्रशासन की तरफ से किए गए आवश्यक प्रबंधों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंद्रकोट से शैतानी नाले तक स्थापित किए गए ट्रांजिट कैंपों का भी दौरा किया।
कमिश्नर वर्मा ने बताया कि 30 जून से 45 दिनों तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसके लिए विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों को निगरानी के लिए लगाए गया है। उन्होंने ट्रांजिट कैंपों में लगे लंगर में यात्रियों के लिए पीने के पानी, बिजली की आपूर्ति और शौचालय की सुविधा के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा लंगर स्थलों, आश्रय शेड, हाईवे किनारे स्थापित संयुक्त नियंत्रण कक्ष का भी दौरा कर क्यूआरटी कर्मचारियों की तैनाती के बारे में जाना। वर्मा ने सभी विभागों के अधिकारियों को यात्रा शुरू होने से पहले संबंधित सेवाओं और सुविधाओं को तैयार करने को कहा। डीसी शौकत एजाज भट ने सभी प्रकार की सुविधाओं के बारे में वर्मा को जानकारी दी। कहा के सभी जगहों पर सुरक्षा का व्यापक इंतजाम करने के साथ सीसीटीवी लगाए गए हैं। कमिश्नर ने आईजी के साथ नाशरी से बनिहाल तक हाईवे के बारे में जाना। इसके अलावा राजमार्ग के उचित रखरखाव के लिए फोर लेन निर्माण एजेंसियों को निर्देश भी दिया। इस मौके पर डीआईजी भीम सेन, एसएसपी अनीता शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।