उधमपुर/पंचैरी। सरकारी हाई स्कूल गलियोत में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग को लेकर शुक्रवार को विद्यार्थियों व अभिभावकों ने स्कूल को बंद कर शिक्षा विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने कहा कि शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण उनके बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है। जानकारी के बाद भी शिक्षा विभाग शिक्षकों की कमी को दूर नहीं कर रहा है।
शुक्रवार सुबह विद्यार्थी अभिभावकों के साथ स्कूल में तो पहुंचे, लेकिन कक्षाओं में जाने के बजाए स्कूल को बंद कर बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने अभिभावकों के साथ दोपहर तक स्कूल के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान अभिभावकों ने बताया कि करीब एक वर्ष से स्कूल दो शिक्षकों के सहारे चल रहा है। स्कूल में दस कक्षाएं हैं और इनको पढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग ने केवल दो शिक्षक नियुक्त किए हैं। स्कूल में कम से कम दस शिक्षकों की जरूरत है। शिक्षकों की कमी के कारण दिन प्रतिदिन विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित हो रही है और विद्यार्थी अब आने वाली परीक्षाओं को लेकर चिंतित है, क्योंकि शिक्षक न होने के कारण विद्यार्थी किसी तरह की तैयारी नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कई बार ज्ञापन सौंप कर शिक्षकों की कमी को दूर करने की मांग को शिक्षा विभाग के अधिकारियों के सामने रखा है। अधिकारियों ने भी हर बार जल्द परेशानी को दूर करने का आश्वासन देकर वापस भेज दिया है, लेकिन आज तक शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को नियुक्त कर परेशानी को दूर नहीं किया है। आज सभी बार बार मिलने वाले झूठे आश्वासनों से परेशान होकर सड़कों पर उतरने को मजबूर हुए हैं। उनकी मांग है कि जल्द से जल्द शिक्षको को नियुक्त कर परेशानी को दूर किया जाए। अगर जल्द शिक्षक नियुक्त नहीं किए तो आने वाले दिनों में सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन तेज करने को मजबूर हो जाएंगे।