ज्यौड़ियां। बैक टू विलेज कार्यक्रम के चौथे चरण के तहत बुधवार को खौड़ ब्लाक की सभी 37 पचायतों में अधिकारी पहुुंचे। उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना और केंद्रीय योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि हर समस्या को राज्यपाल तक पहुंचाया जाएगा। खौड़ उपजिले में 26 और 27 जून तक चलने वाले इस कार्यक्रम में दो दिन और एक रात तक प्रशासनिक अधिकारी गांवों में रुकेंगे।
बुधवार को पहले दिन डीसी जम्मू रमेश कुमार के नेतृत्व में नियुक्त अधिकारी सुबह दस बजे पंचायतों में पहुंचे, जिनका लोगों ने स्वागत किया। इसके बाद लोगों ने हर वार्ड का दौरा कर स्थिति को जाना और लोगों की समस्याओं को कलमबद्ध किया। खौड़ उपजिले की पचायतों के लोगों ने अधिकारी को बिजली, सिंचाई, पेयजल, कृषि और फ्लड कंट्रोल से संबंधित समस्याओं से अवगत करवाया।
वहीं, लोगों ने सरकारी स्कूलों को मजबूत बनाने की मांग की। इसके अलावा क्षेत्र की बदहाल सड़कों, बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं से भी अवगत करवाया। पंचायत पजंतूत के सरपंच जगदीश राज, पंचायत लोअर पलांवाला की सरपंच गीता देवी ने सीमांत किसानों की जमीन का मुआवजा देने की मांग उठाई। कई पंचायतों में अधिकारियों की ओर से पौधारोपण भी किया गया और विकास कार्य भी शुरू करवाए गए।