कठुआ। एक जुलाई से शुरू होने जा रही वार्षिक श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बाबा के भक्तों के स्वागत के लिए राज्य के प्रवेशद्वार लखनपुर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। पहली बार प्रशासन की ओर से लखनपुर टोल प्लाजा के नजदीक स्वागत गेट स्थापित किए गए हैं। आदर सत्कार के साथ ही भक्तों के लिए लखनपुर में यात्रा रिसेप्शन सेंटर पर भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
मंगलवार को जिला उपायुक्त कठुआ विकास कुंडल ने लखनपुर का दौरा कर यात्रा प्रबंधों की समीक्षा की। इस दौरान लखनपुर टोल प्लाजा में विभिन्न विभागों के साथ बैठक कर यात्रा इंतजामों की जानकारी लेते हुए जरूरी दिशा निर्देश भी जारी किए।
डीसी ने बताया कि सभी तैयारियां जोरशोर से जारी हैं। यात्रा के दौरान भक्तों को लखनपुर में सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। रिसेप्शन सेंटर पर स्वच्छ पेयजल, बीएसएनएल सिम कार्ड, मेडिकल टीम से लेकर यात्रा संबंधित जरूरी जानकारियां और मदद भी उपलब्ध करवाई जाएगी। यदि किसी कारणवश यात्रा रुकती है तो प्रशासन ने भक्तों को ठहराने के लिए आठ लाजमेंट सेंटर चिह्नित किए हैं, जहां उनके लिए सभी प्रबंध उपलब्ध किए गए हैं।