उधमपुर। शहर के जखैनी इलाके में नगर परिषद की तरफ से चुंगी खोले जाने के विरोध में लोगों ने सोमवार सुबह पुराने राजमार्ग को बंद कर नगर परिषद के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पुलिस की गलत कार्यप्रणाली के कारण पहले ही जखैनी के लोग परेशान हैं। अब चुंगी तैयार कर परेशानी को दुगना कर दिया गया है। अगर जल्द चुंगी केे हटाया नहीं गया तो आने वाले दिनों में उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे।
गोविंद राम के नेतृत्व में स्थानीय निवासियों ने सुबह करीब साढ़े दस बजे पुराने राजमार्ग को बंद कर प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शन शुरू होते ही पुराने राजमार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान गोविंद राम ने कहा कि नगर परिषद ने पुराने राजमार्ग पर गुज्जर हास्टल के पास नई चुंगी खोल दी है, जहां ट्रकों से चुंगी वसूल की जा रही है। इसके खुलने के बाद जखैनी में यातायात व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हो गई है। चुंगी खुलने से पहले ही जखैनी में पुलिस के चेक पोस्ट के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित है। जखैनी में पुलिस ने करीब पांच वर्ष से चेक पोस्ट बनाकर रखी है। जब भी रामबन व अन्य किसी स्थान पर राजमार्ग बंद होता है तो पुलिस जखैनी में घाटी जाने वाले वाहनों को रोक देता है। इसके बाद कई दिनों तक जखैनी में ट्रकों को रोक रखा जाता है। स्थानीय निवासियों के लिए अपने वाहन लेकर बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। अब जखैनी में चुंगी खोल कर परेशानी को दुगना कर दिया गया है। इसके बनने के बाद ट्रकों की लंबी कतार लग रही है और परेशानी बढ़ती जा रही है। आज सभी शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर अपनी बात को नगर परिषद तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। अगर नगर परिषद ने जल्द से जल्द चुंगी केे हटा कर परेशानी को दूर नहीं किया तो आने वाले दिनों में सभी सड़कों पर उतर कर उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे।