सांबा। बैक टू विलेज कार्यक्रम के दूसरे चरण के तहत जिले के रामगढ़, नड और सुंब ब्लॉकों में ग्राम सभाओं, पीआरआई के साथ बातचीत, उद्घाटन और जागरूकता शिविर सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम के दौरान जिले की 36 पंचायत हलकों तक पहुंचा गया और अधिकारियों ने लोगों की विकास जरूरतों का आकलन करने और उनके सामाजिक, आर्थिक परिवर्तन के लिए उनकी प्रतिक्रिया लेने के लिए पंचायतों में कई इंटर एक्शन कार्यक्रम आयोजित किए।
लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने सरपंचों, पंचों और वरिष्ठ नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्र में प्रभावी विकास के लिए योजना तैयार करें। इस दौरान उपायुक्त सुषमा चौहान के साथ सहायक आयुक्त राजस्व कुलभूषण खजूरिया, सहायक आयुक्त विकास मुदासिर लतीफ तासीर ने रंगूर, मननू सहित विभिन्न पंचायतों का दौरा किया और कार्यक्रम के कार्यान्वयन का जायजा लिया। उपायुक्त ने जनता के साथ बातचीत की और उनके मुद्दों को भी सुना। बातचीत के दौरान, संबंधित पंचायतों के प्रतिनिधियों ने सरकार की इस पहल की सराहना की जो ग्रामीण परिवर्तन के लिए एक वरदान साबित होगी। उन्होंने अपने क्षेत्र के मुद्दों पर भी प्रकाश डाला और सड़कों और पुलियों के निर्माण और उन्नयन की मांगें रखीं। जल आपूर्ति योजनाओं का विस्तार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और पशु औषधालयों को खोलना, यात्री परिवहन सेवाओं के लिए अनुमति, समावेश लाभार्थियों को वृद्धावस्था / दिव्यांग और विधवा पेंशन योजनाओं, राशन कार्डों का विभाजन, सरकारी स्कूलों के उन्नयन, श्मशान घाटों पर शेड निर्माण आदि के बार में बताया।
------
अफसरों के सामने लोगों ने रखी अपनी बात
समलाह व सुंब पंचायतों में हुआ बैक टू विलेज कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
सांबा। जिले के पहाड़ी ब्लाक सुंब के अंतर्गत पंचायतों में रविवार को बैक टू विलेज कार्यक्रम हुआ। अधिकारियों ने पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं। वहीं आम लोगों ने भी खुल कर अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। पंचायत समलाह में पब्लिक सर्विस कमीशन के डिप्टी सेक्रेट्री विनय समोत्रा ने सरपंच प्रीतम चंद, नायब सरपंच थोडू राम और पंच पोली देवी से पंचायत की समस्याओं की जानकारी ली। उपस्थित लोगों ने भी अपनी बात खुल कर रखी। उधर पहाड़ी पंचायत सुंब में पशु पालन विभाग के प्राइवेट सेक्रेट्री गगन सिंह ने पंचायत प्रतिनिधियों से क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि अपनी पंचायत की प्रमुख समस्याएं बताएं। इस अवसर पर ववेती के सरपंच सूरज प्रकाश वर्मा ने उन्हें समस्याओं से अवगत कराया। कुल मिला कर बैक टू विलेज कार्यक्रम की हर ओर प्रशंसा हो रही है।
बैक टू विलेज कार्यक्रम में नायब सरपंच और पंचों को किया नजर अंदाज
विजयपुर। जिला सांबा में इस समय बैक टू विलेज कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उसी के चलते रविवार को भी घौ ब्राह्मणा पंचायत में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें नायब सरपंच नवीन शर्मा और पंच अशोक कुमार, रजनी शर्मा, तरीशला देवी को न बुलाने से नायब सरपंच और पंचों में जिला प्रशासन के खिलाफ भारी रोष है। घौ ब्राह्मणा के नायब सरपंच ने बताया कि बैक टू विलेज कार्यक्रम पंचायत घर के अलावा अन्य स्थान पर किया गया। हालांकि कार्यक्रम पंचायत घर में ही करना उचित होता है। उसके बावजूद भी कहीं अलग स्थान पर कराया गया और हम लोगों को भी सूचित नहीं किया गया। उन्होंने उपायुक्त सुषमा चौहान से मांग की है कि इस कार्यक्रम की कार्रवाई पर ध्यान दिया जाए जो नायब सरपंच और पंचों को नजरअंदाज किया गया। इसकी जांच कराई जाए और जो अधिकारी दोषी पाए जाएं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।