उधमपुर। तेज हवा और बारिश के होने के बाद रविवार को शहरवासियों को कई दिनों के बाद गर्मी से राहत मिली है। दोपहर के समय बारिश बंद होने के बाद दिन भर मौसम सुहावना रहा और शहरवासियों ने इसका पूरा आनंद उठाया। बारिश से अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी मौसम के खराब रहने की संभावना है।
रविवार को सुबह के समय आसमान पर हल्के बादल छाए हुए थे। सुबह करीब दस बजे अचानक ही तेज हवा चलने लगी। तेज हवा चलने के बाद सड़कों पर उड़ती धूल ने शहरवासियों की परेशानी को बढ़ा दिया। धूल के कारण दो पहिया वाहन चलाना मुश्किल हो गया। सुबह करीब 11 बजे अचानक ही हल्की बारिश शुरू हो गई और देखते ही देखते बारिश तेज भी हो गई। इसके बाद दोपहर करीब साढ़े 12 बजे तक रुक रुक कर बारिश होती रही। बारिश बंद होने के बाद तापमान में गिरावट आई और शहर व साथ लगते ग्रामीण इलाकों में मौसम भी सुहावना हो गया। सुहावने मौसम का आनंद उठाने के लिए लोग घरों से भी बाहर निकल आए। इसके बाद शाम तक आसमान पर बादल छाए रहे और तापमान में गिरावट रही। शाम के समय बाजार में भी बहुत ज्यादा भीड़ देखने को मिली। काफी संख्या में शहरवासी बाजार पहुंचे और खरीदारी करने का आनंद उठाते नजर आए। एयर फोर्स के मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 34.1 और न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। सोमवार को भी बादल छाने के बाद बारिश की संभावना है।