मीरां साहिब। दिल्ली पुलिस के दिल्ली के मुखर्जी नगर में आटो चालक सर्वजीत व उसके नाबालिग बेटे पिटाई करने के मामले में बुधवार को सिंबल मोड़ पर सिख समाज के लोगों ने आरएस पुरा-जम्मू सड़क पर जाम लगाया। इस दौरान दिल्ली पुलिस व सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर घटना पर विरोध जताते प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अगर सर्वजीत द्वारा दुर्घटना की गई थी तो कानून के अंतर्गत कार्रवाई की जानी चाहिए थी। दिल्ली पुलिस ने सड़क पर पहले उसे बेरहमी से पीटा और उसके नाबालिग बेटे के पिता को पुलिस से छुड़ाने के प्रयास पर उसे भी पीटा। इसकी हम कड़े शब्दो में निंदा करते हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने अमानवीय तरीके से दोनों की पिटाई की है। उन्होंने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा दोषी पुलिस अधिकारी व अन्य कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के साथ कार्रवाई करने की मांग की। कई घटों तक आरएस पुरा-जम्मू मार्ग बंद रहने पर एसडीएम जगदीश सिंह, तहसीलदार व एसडीपीओ सौरव पराशर ने मौके पर पहुंच मार्ग बंद कर रहे लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि उनकी बात केंद्र सरकार व दिल्ली के उप राज्यपाल तक पहुंचाई जाएगी। इस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क मार्ग खोला।