आरएस पुरा। संत कबीर महाराज के 621वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य पर शनिवार को कस्बे के बाना सिंह स्टेडियम से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सतगुरु कबीर साहिब आरएस पुरा द्वारा निकाली गई शोभायात्रा कस्बे के बाजार से होते हुए वापस कबीर मंदिर आरएस पुरा में आकर संपन्न हुई। इस दौरान बैंड बाजों की धुन पर हजारों की संख्या में लोग नाच-गा रहे थे। जय कबीर, धन कबीर के नारे लगाए जा रहे थे। कई वाहनों पर संत कबीर जी की तस्वीरें लगाई गई थी। भीषण गर्मी में भी शोभायात्रा में शामिल लोगों का उत्साह देखते बन रहा था। भक्तजन कबीर महिमा का गुणगान कर रहे थे। शोभायात्रा में पूर्व विधायक प्रो. गारू राम भगत, आरएस पुरा एमसी चेयरमैन सतपाल पप्पी, भूषण डोगरा, रमेश लाल मोटन, डॉ. राजेश भगत, राज कुमार भगत सहित कई नेताओं के साथ पंच-सरपंच भी मौजूद थे। गठित कमेटी गुरुद्वारा सतगुरु कबीर साहिब के सदस्य सर्वण लाल भगत, तिलक राज भगत, बनारसी दास, डॉ. राजेश भगत आदि ने कहा कि 23 जून को कस्बे के कबीर मंदिर में प्रात: 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सत्संग का आयोजन किया जाएगा। 1 से 2 बजे तक बुद्धिजीवियों द्वारा सतगुरु कबीर साहिब के जीवन पर विचार रखा जाएगा। दोपहर से शाम तक भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।