ज्यौड़ियां। खौड़ उपजिले की लंबरदार तथा चौकीदार यूनियन की वीरवार को बैठक हुई, जिसमें सरकार से सुविधाएं देने की मांग उठाई गई। मौके पर मौजूद खौड़ के तहसीलदार को एक ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें कहा गया कि उन्हें जिम्मेदारी तो बड़ी सौंपी गई, लेकिन उसके मुकाबले उन्हें सुविधाएं नहीं दी जाती हैं।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए लंबरदार यूनियन उपजिला खौड़ के प्रधान ठाकुर दास ने कहा कि वे लोग 25-25 साल से काम कर रहे हैं। गांव की रक्षा करने के साथ-साथ उन्हें गांव के विकास करवाने की भी जानकारी रखनी पड़ती है। किसी भी प्रकार की आपदा आए तो बचाव कार्य में पूरा सहयोग देते हैं, लेकिन सरकार वेतन और स्थायी करने के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें 1500 रुपये वेतन दिया जा रहा है। लंबरदार यूनियन ने उन्हें जल्द स्थायी कर सरकारी मुलाजिम के बराबर वेतन देने की मांग की। उन्होंने यूनिफॉर्म देने की भी मांग की। यूनियन ने बैठक में चिंता जताई कि अगर किसी चौकीदार या लंबरदार की मौत हो जाती है तो सरकार की तरफ से उसके परिवार की कोई आर्थिक मदद नहीं दी जाती है। जबकि वे भी सरकार का हिस्सा हैं। लिहाजा उनकी जरूरतों को भी पूरा किया जाना चाहिए। तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि वह उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों के सामने रखेेंगे। इस अवसर पर लंबरदार खैरू चौधरी, रतन सिंह, चूर सिंह, हंस राज, स्वर्ण लाल सहित कई लोग उपस्थित रहे।