विजयपुर। गुड़ा सलाथिया-उत्तर वाहिनी सड़क की कई साल से मरम्मत नहीं होने पर उसकी हालत खराब हो गई है। करीब दस किलोमीटर लंबी पर कई गांवों के लोग निर्भर है, जिस कारण लोगों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग की खस्ता हालत होने के कारण कई बार वाहन चालक भी गाड़ी लेकर जाने से इनकार कर देते हैं। लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द मार्ग की मरम्मत कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कदम नहीं उठाया गया तो मजबूर होकर आंदोलन करना पड़ेगा।
क्षेत्र के रविंद्र सिंह, रवि शर्मा, दीपक कुमार, जोगिंदर सिंह, किरण, सरोज रानी व सुरेखा देवी ने बताया कि सड़क की मरम्मत करवाने के लिए कई बार विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत कराया गया। इसके बावजूद आजतक किसी ने सुध नहीं ली। गुड़ा सलाथिया से लेकर उत्तर वाहनी मार्ग की हालत इतनी खराब है कि पवित्र देविका नदी में स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी होती है। क्षेत्रवासियों ने विभाग से मांग की है कि मार्ग पर जल्द तारकोल बिछाई जाए, ताकि परेशानी खत्म हो सके। क्योंकि इस मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से हादसों की संभावना भी बढ़ गई है।