ज्यौड़ियां। पंचायत भलबाल ब्राह्मणा के कंगर गांव को लोग इन दिनों परेशानियों का सामना करने को मजबूर हैं। गर्मी के इस मौसम में गांव में पेयजल आपूर्ति पर्याप्त रूप से हो रही है और न गलियों और नालियों की दशा को सुधारा जा रहा है। इसके अलावा गांव को जाने वाली एक किलोमीटर लंबी सड़क खस्ताहालत में है। सड़क पर वाहन चलाना तो दूर की बात पैदल चलन भी बेहद मुश्किल हो रहा है। इस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पंचायत के पूर्व सरपंच राज कुमार ने बताया कि गांव में सभी लोग गरीब हैं। गांव को जाने वाली सड़क पर काफी समय पहले आरएनबी विभाग की तरफ से तारकोल बिछाई गई थी। जो अब पूरी तरह से उखड़ गई है। इस कारण बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिस कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। वहीं, कई दिन से पेयजल आपूर्ति भी ठप पड़ी है। अन्य लोगों ने बताया कि सांसद और विधायक ने आजतक गांव की सुध नहीं ली है, जिसका खामियाजा ग्रामीण भुगत रहे हैं। बुजुर्ग व्यक्ति ईश्वर दास सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार से सड़क की सुध लेने सहित अन्य समस्याओं को जल्द दूर करने की मांग की है।