पुंछ। जिले की मेंढर तहसील के सखी गांव के मैदान में पुंछ-मेंढर मार्ग पर स्थित सभी समुदायों की आस्था के केंद्र और सांप्रदायिक सौहार्द्र के प्रतीक सांई छोटे शाह की जियारत पर चल रहा तीन दिवसिय अर्धवार्षिक उर्स रविवार को को संपन्न हो गया। इसमें जिले के अलावा बाहरी राज्यों से आए सभी समुदायों के हजारों लोगों ने जियारत पर सजदा कर देश में अमन एवं भाईचारे के लिए दुआ मांगी। इस अवसर पर जियारत कमेटी की तरफ से लगाए गए लंगर में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
रविवार को उर्स के तीसरे दिन सखी मैदान स्थित छोटे शाह की जियारत पर तड़के से ही बड़ी संख्या में सभी समुदायों के लोग एकत्र होने लगे थे। सुबह आठ बजे जियारत कमेटी के सदस्यों ने चादर चढ़ाई, जिसके बाद जियारत को अन्य श्रद्धालुओं के लिए खोला गया तो बड़ी संख्या में समुदाय के सदस्य वहां पर सजदा करने एवं दुआ करने के लिए जुटने लगे। सुबह से शुरू हुआ श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। देर शाम को सामूहिक दुआ के साथ ही उर्स का समापन हो गया। इस अवसर पर जियारत के प्रमुख दुआगोह सैयद खलिक शाह और नायब तहसीलदार मोहम्मद इखलाख ने बताया कि क्षेत्र में पंचायत चुनाव होने के बावजूद तीन दिन में जियारत पर दस हजार के करीब श्रद्धालुओं ने सजदा किया है।