पुंछ। वीरवार रात किश्तवाड़ में भारतीय जनता पार्टी के राज्य सचिव अनिल परिहार और उसके भाई की हत्या के विरोध में शुक्रवार को हर तरफ लोगों में भारी गम और गुस्सा देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी पुंछ इकाई ने एमएलसी प्रदीप शर्मा, पार्टी के जिला प्रधान बंसीलाल शर्मा व राज्य सचिव सुनील गुप्ता की अगुवाई में दोहरे हत्याकांड के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और हत्यारों को गिरफ्तार कर उन्हें फांसी की सजा देने की मांग की गई।
दूसरी तरफ बार एसोसिएशन, पीपुल फोरम, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, बजरंग दल, विश्व हिन्दू परिषद, समाज सुधार सेवा सोसाइटी, सनातन धर्मसभा और मदरसा जिया उल उलूम के मोहमिम मौलाना मोहम्मद सैयद, मोहम्मद जमान, एडवोकेट संजय रैना, प्रदीप खन्ना, अमित गुप्ता, हरभजन सिंह आदि ने किश्तवाड़ में अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा परिहार भाइयों की हत्या किए जाने की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने इसे आतंकी घटना बताते हुए राज्यपाल और पुलिस के आला अधिकारियों से हत्यारों का जल्दी पता लगा कर उन्हें कड़ी सजा देने की मांग की। उन्होने राज्य के सभी समुदायों के लोगों से अमन एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की।