रियासी। शहीद कमल किशोर को कस्बे के लोगों ने पूरे बाजार को बंद रख कर श्रद्धांजलि अर्पित की। बुधवार दोपहर को कमल के शहीद होने का पता चलने के बाद कस्बे के कई लोग उस के घर पर पहुंचे। देर शाम को कस्बे के गणमान्य लोगों तथा व्यापार मंडल के सदस्यों के बीच फैसला किया गया कि शहीद हुए जवान को श्रद्धांजलि देने के लिए वीरवार को कस्बे की सभी दुकानों को बंद रखा जाएगा जिसके बाद युवाओं की एक टोली ने पूरे कस्बे में घूम कर के दुकानें बंद किए जाने का आग्रह किया। जो दुकानें बंद हो गई थीं उनके मालिकों को फोन के जरिये दुकानें बंद रखने के बारे में बताया गया। दुकानें बंद रखने के बाद दुकानदार भी शहीद की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। दोपहर को अंतिम संस्कार होने के बाद ही बंद रखी गई दुकानों को खोला गया।