उधमपुर/पंचैरी/जिब। सुबह से चल रही तेज आंधी ने शहर व ग्रामीण इलाकों में जनजीवन को फिर से बुरी तरह प्रभावित किया है। तेज आंधी चलने के बाद कई शहर व ग्रामीण इलाकों में बिजली गुल हो गई है और शाम तक इन इलाकों में बिजली बहाल नहीं हो सकी है। इसके अलावा दोपहर के समय ऊंचे पर्वतीय इलाकों बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने पर फिर से लोग स्वेटर जैकेट पहनने को मजबूर हो गए हैं।
गौरतलब है कि सोमवार को दिन भर धूप निकलने पर गर्मी ने परेशान किया था, लेकिन मंगलवार सुबह करीब छह बजे अचानक ही मौसम का मिजाज बदला और बादल छाने के बाद तेज हवा चलने लगी। देखते ही देखते हवा की रफ्तार बढ़ गई और तेज हवा ने आंधी का रूप ले लिया। जैसे ही तेज आंधी चलना शुरू हुई तो कुछ समय के बाद शहर व ग्रामीण इलाकों में बिजली बंद हो गई। इसके बाद शाम तक बिजली की आंख मिचौली चलती रही। तेज हवा चलने पर शहर के कुछ इलाकों में छह घंटे तक बिजली बंद रही। इसके अलावा जिब, थाती, बड़ोला, पंचैरी, मोंगरी व अन्य कई इलाकों में शाम तक बिजली बहाल नहीं हो सकी थी। तेज आंधी से उड़ती धूल ने भी लोगों को दिन भर परेशान किया। आंधी के दौरान दो पहिया वाहन चलाना सबसे मुश्किल रहा। कई दो पहिया वाहन चालक गिरते गिरते बचे। पंचैरी, मोंगरी तहसील में दोपहर के समय तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद अचानक तापमान में गिरावट आने पर ठंड बढ़ गई और लोग फिर से गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हो गए। लोगों को ठंड से बचने के लिए मजबूरन स्वेटर व जैकेट पहननी पड़ी और लोगों को एक बार फिर सर्दी के मौसम का एहसास हो गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को उधमपुर में करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली है। बुधवार को भी मौसम के खराब रहने की संभावना है। बुधवार को शहर में तेज हवा के साथ ही बारिश होने की भी संभावना है।