राजोरी। जिले के कालाकोट ब्लॉक में पिछले करीब एक माह से ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) का पद रिक्त है, जिस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वीरवार को स्थानीय लोगों ने जल्द बीडीओ नियुक्त करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कड़ा रोष प्रकट करते हुए कहा कि बीडीओ का पद रिक्त होने से पंचायतों संबंधित कार्यों पर काफी बुरा असर पड़ रहा है। खासकर मनरेगा की पेमेंट लोगों को नहीं मिल पा रही है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि गत चार साल में जो काम पंचायतों में मनरेगा के तहत हुए हैं, उनका भी भुगतान अभी तक नहीं किया गया है। यह सब ब्लाक विकास अधिकारी के नहीं होने से ही हुआ है। ग्रामीणों, पंचों और सरपंचों ने बताया कि 31 मार्च आने को है, अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। इससे विकास कार्यों की गति रुक सी गई है। उन्होंने राज्यपाल से कालाकोट के रिक्त पड़े बीडीओ के पद को जल्द भरने की गुहार लगाई है। वहीं, चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द अधिकारी की नियुक्ति नहीं हुई तो उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर हाेंगे।