चार लाख के गहने, 70 हजार की नकदी ले उड़े चोर
रैंबल थाना क्षेत्र के पड़ानू गांव में दिन दहाड़े घर का ताला तोड़ वारदात को दिया अंजाम
इससे पहले बुधवार की रात गढ़ी में छह दुकानों में हुई थी चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
उधमपुर/जिब। रैंबल थाना क्षेत्र में पड़ानू गांव में सोमवार को दिन दिहाड़े चोर घर का ताला तोड़ लाखों के गहने व हजारों की नकदी पर हाथ साफ कर गए। किसी जरूरी काम से परिवार के सभी सदस्य बाहर गए थे और दोपहर को जब घर लौटे अलमारी को टूटा हुुआ देख समझ गए की चोरों ने घर को निशाना बना दिया है। जानकारी मिलने पर पुलिस नेे मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रैंबल थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में चोरी के मामले बढ़ते ही जा रहे है। बुधवार की रात को चोरों ने गढ़ी इलाके में एक ही रात में छह दुकानों के ताले तोड़ हजारों की नकदी पर हाथ साफ कर लिया था, तो अब पड़ानू गांव में एक घर को निशाना बनाया है। विनय कुमार ने बताया कि सोमवार को पूरा परिवार सुबह करीब दस बजे किसी काम से घर से बाहर निकल गया। जाने से पहले घर में ताला लगाया। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब घर लौटे तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ देख कर हैरान रह गया। अंदर जाकर देखा तो अलमारी टूटी पड़ी थी और सारे गहने व नकदी गायब थी। उन्होंने बताया कि अलमारी के अंदर घर की तीन महिला सदस्यों के करीब चार लाख रुपये के गहने व करीब 70 हजार की नकदी मौजदू थी। चोर सब कुछ लेकर चले गए थे। चोरों ने जीवन भर की पूंजी पर हाथ साफ कर दिया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर फिंगर प्रिंट भी जुटाए हैं। वहीं रैंबल थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में बढ़ते चोरी के मामलों को लेकर लोगों की चिंता बढ़नेे लगी है। लोगों का कहना है कि चोर अब ग्रामीण इलाकों को निशाना बनाने लगे हैं। पुलिस को इसको गंभीरता से लेकर जांच करनी होगी। अगर जल्द चोर नहीं पकड़े गए तो आने वाले दिनों में और भी घरों को निशाना बनाया जा सकता है।