जम्मू। यात्री और व्यवसायिक वाहनों के किराए बढ़ोतरी की मांग को लेकर एक बार फिर से ट्रांसपोर्टर सरकार के खिलाफ लामबंद हो गए हैं। 1 अक्तूबर को ट्रांसपोर्टरों ने एक दिन के लिए पूरी रियासत में चक्का जाम करने की घोषणा की है। ट्रांसपोर्टरों ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को नहीं माना गया तो अनिश्चितकालीन हड़ताल होगी।
अभी कुछ दिन पहले ही सरकार ने किराए में बढ़ोतरी की थी। बावजूद इसके ट्रांसपोर्टर किराया बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन टी एस वजीर ने वीरवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि सरकार ने जब किराया बढ़ाया तो तब डीजल का दाम 68 रुपये प्रति लीटर था। लेकिन अब रेट 76 रुपये पहुंच चुका है। डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। वह लोग पहले से ही आतंकवाद और एलओसी बार्डर पर होने वाली टेंशन की मार झेल रहे हैं। ऐसे में लगातार डीजल के दामोें में बढ़ोतरी होने से वह सड़कों पर वाहन उतारने में असमर्थ साबित हो रहे हैं। ट्रांसपोर्टरों ने अपनी अन्य मांगों को भी उठाया है। इनमें ट्रैफिक पुलिस और एग्जीक्यूटिव पुलिस की ओर से चालकों को प्रताड़ित करने, आरटीओ कार्यालय में बनाए जाने वाले दस्तावेजों को लेकर तंग करने, यात्री शुल्क में राहत देने, रेलवे स्टेशन पर पार्किंग शुल्क कम करने, सभी जगहों से अड्डा फीस वापस लेने की मांगें मुख्य रूप से शामिल हैं।