उधमपुर। आंगनबाड़ी वर्कर्स को राज्यपाल की तरफ से बातचीत का न्योता मिला है। इससे करीब दो महीने बाद हड़ताल व प्रदर्शन खत्म होने की उम्मीद जगी है। आंगनबाड़ी वर्कर्स का कहना है कि अगर मांगें पूरी हो जाती हैं, तो हड़ताल को खत्म कर दिया जाएगा।
मंगलवार को हड़ताल को जारी रखते हुए आंगनबाड़ी वर्कर्स ने डीसी कार्यालय के बाहर धरना देकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान आंगनबाड़ी वर्कर्स ने बताया कि केंद्र सरकार ने तो मांगों को पूरा करने को लेकर कुछ किया नहीं। करीब दो महीने के बाद राज्यपाल ने उनकी सुध ली है। राज्यपाल की तरफ से बातचीत का न्योता मिल चुका है और जल्द आंगनबाड़ी वर्कर्स यूनियन के सदस्य बातचीत के लिए श्रीनगर जाएंगे। राज्यपाल के सामने सभी मांगों को रखा जाएगा और उनको उम्मीद है कि अगर पूरी नहीं तो कुछ मांगों को राज्यपाल जरूर पूरा कर देेंगेे। उनकी सबसे बड़ी मांग मानदेय में बढ़ोतरी करने की है, क्योंकि मानदेय न बढ़ाने के कारण सभी आर्थिक परेशानियों से जूझ रही हैं। अन्य राज्य के मुकाबले में सबसे कम मानदेय जम्मू कश्मीर की आंगनबाड़ी वर्कर्स को दिया जा रहा है। इसके अलावा स्थायी कर्मचारी बनाने की मांग को लेकर केंद्र सरकार ने कोई योजना तैयार नहीं की है।