उधमपुर। स्थायी कर्मचारी बनाने, मानदेय बढ़ाने व अन्य लंबित मांगों को पूरा करने की मांग को लेकर आंगनबाड़ी वर्कर्स व हेल्पर ने शनिवार को हड़ताल को जारी रखते हुए शहीद भगत सिंह पार्क में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
आंगनबाड़ी वर्कर्स व हेल्पर की हड़ताल के चलते जिले में 100 से अधिक आंगनबाड़ी सेंटर सप्ताह से बंद पड़े हैं। जहां बच्चों को सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। वहीं आंगनबाड़ी वर्कर्स व हेल्पर का कहना है कि ताला अब मांगे पूरी होने के बाद ही खुलेेगा। प्रदर्शन के दौरान नीलम, बिमला व अन्य ने कहा कि राज्य सरकार की तरह केंद्र सरकार ने भी उनकी मांगों को पूरी तरह से नजर अंदाज किया है। सबसे कम मानदेय जम्मू कश्मीर की आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर को दिया जा रहा है। इसको बढ़ाने के लिए करीब दस वर्ष से संघर्ष कर रही हैं, लेकिन कोई भी उनकी मांग को पूरा नहीं कर रहा है। केंद्र सरकार को चाहिए कि कम से कम आंगनबाड़ी वर्कर्स को दस हजार और हेल्पर को छह हजार मानदेय देकर राहत प्रदान करे।