बिलावर। रामकोट तहसील के विभिन्न भागों में आए दिन तेंदुए पालतू पशुओं को अपना शिकार बना रहे हैं। रविवार की रात एक तेंदुए ने वार्ड नंबर सात बूल गांव में एक किसान विजय कुमार पुत्र मुंशी राम की पशुशाला में घुस गया और भीतर बंधी एक भेड़ को अपना शिकार बना लिया। इस घटना से गांव में दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन तेंदुआ गांव में घुस कर किसी न किसी के पालतू पशुओं को मार रहा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद न तो प्रशासन और न ही वाइल्ड लाईफ विभाग इस तरफ कोई ध्यान दे रहा है। नतीजतन तेंदुए के डर से ग्रामीणों के लिए देर सबेर घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार से फौरन इस समस्या का उचित समाधान करने की मांग की।