जम्मू। पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में स्कूटी सवार महिला खुले में लगे ट्रांसफार्मर से टकरा गई और हाई टेंशन तार से चिपक जाने से उसकी मौके पर मौत हो गई। इस खबर ने शहर के लोगों को चिंता में डाल दिया है। दरअसल, शहर के विभिन्न इलाकों में करीब 80 ट्रांसफार्मर सड़क किनारे खुले में लगे हुए हैं। यदि कोई वाहन चालक अनियंत्रित होकर उससे टकराया तो जान बचना मुश्किल होगा। इस गंभीर स्थिति को लेकर विभाग गंभीर नहीं दिख रहा है। बिजली विभाग गेंद नगर निगम के पाले में डाल रहा है। विभाग का कहना है कि उसे ट्रांसफार्मर लगाने के लिए जगह नहीं मिल रही है।
शहर के कई इलाकों में अंधे मोड़ और पैदल रास्तों के किनारे ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। कोई अजनबी यदि तेजी से गाड़ी लेकर वहां मोड़ने की कोशिश की तो सीधे ट्रांसफार्मर से टकरा सकता है। विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि विभाग के पास ट्रांसफार्मर लगाने के लिए उपयुक्त भूमि नहीं मिल रही है। जहां पर जगह मुहैया करवाई गई है, ट्रांसफार्मर लगा दिए गए। इस बारे में कई बार नगर निगम को भी पत्र लिखा गया है। मगर, नगर निगम ने जमीन ही मुहैया नहीं करवाई है। विभाग विवश है।
यूनिवर्सिटी रोड, शास्त्री नगर, संजय नगर, भगवती नगर, इंदिरा मार्केट, डिग्याना, नानक नगर और डीसी आफिस रोड में ट्रांसफार्मर सड़क किनारे खुले में लगे हुए हैं। वहीं, विक्रम चौक (तवी नदी पार्क) के पास लगा ट्रांसफार्मर रास्ते पर लगाया गया है। हाई वोल्टेज तारें भी खुले में लटके हुए हैं। तारों को डालने के लिए बाक्स तक गायब है। शहर के अन्य जगहों में भी हाल ऐसा ही है। विद्युत विभाग की लापरवाही आम लोगों पर कभी भी भारी पड़ सकती है।
विभाग को उपयुक्त जमीन ट्रांसफार्मर लगाने को नहीं मिल रही है। नगर निगम को भी कई बार पत्र लिखा है। कई ट्रांसफार्मर सड़क किनारे लगे हैं। कुछ जगहों में लोग ऐतराज करते हैं। इस कारण भी ट्रांसफार्मर सड़क किनारे लगाने पड़ते हैं।
- सुधीर गुप्ता, मुख्य अभियंता, पीडीडी