बिलावर। बिलावर रूरल बी पंचायत के धार खरोटु मोहल्ले में एक महीने से बिजली सप्लाई ठप पड़ी है, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरपंच मितू देवी ने बताया के वार्ड पांच धार खरोटु में बिजली का ट्रांसफार्मर एक माह से खराब है, मगर उसे आजतक नहीं बदला गया है। इस कारण लोगों में रोष है।
सरपंच ने बताया कि पिछले एक महीने से बिजली नहीं होने पर विद्यार्थियों को ज्यादा परेशानी हो रही है। परीक्षाएं जारी हैं, जिस कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। मोबाइल चार्ज करने के लिए लोगों को दूसरे वार्डों का रुख करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार विभाग को ट्रांसफार्मर बदलने के लिए कहा गया, लेकिन एक माह बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सरपंच ने विभाग से जल्द खराब ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग की है।