जम्मू। नए साल में पुलिस महकमे में कार्यरत हजारों कर्मियों को प्रमोशन का तोहफा मिलेगा। साथ ही लंबे समय से मेडिकल अलाउंस और रिस्क अलाउंस बढ़ाने का इंतजार भी खत्म होगा। पुलिस विभाग अलाउंस बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। इसको अंतिम रूप दिया जा रहा है। पुलिस महा निदेशक दिलबाग सिंह ने अमर उजाला से विशेष बातचीत में इसकी जानकारी दी।
सिंह ने बताया कि 2831 पुलिस कर्मियों के प्रमोशन का प्रस्ताव तैयार है। इसकी डीपीसी कर ली गई है। अगले साल पहले महीने में ही इसको घोषित करेंगे। इस साल अब तक 3500 पुलिस कर्मियों को प्रमोशन मिल चुका है। प्रमोट किए जाने वाले कर्मियों में 2002 बैच वाले एग्जीक्यूटिव पुलिस के 70 सब इंस्पेक्टर और 41 टेलिकाम के सब इंस्पेक्टर भी शामिल हैं। 41 रैंकर के अलावा 30 एएसआई और अन्य इंस्पेक्टर को भी प्रमोट करने की तैयारी है।
पुलिस विभाग की तरफ से 70 हजार पुलिस कर्मियों का अलाउंस भी बढ़ाने की तैयारी है। मौजूदा समय में पुलिस कर्मियों को प्रति माह 300 रुपये मेडिकल अलाउंस, रिस्क अलाउंस के नाम पर कांस्टेबल तक 75 और अफसर स्तर पर 100 रुपये प्रति माह मिलते हैं। हार्डशिप अलाउंस 3 फीसदी है। इन सभी अलाउंस को बढ़ाने का काम चल रहा है। पुलिस विभाग और गृह विभाग की वित्त विभाग से चर्चा चल रही है। अब देखना यह होगा कि कर्मियों का अलाउंस कितना बढ़ता है। सूत्रों की मानें तो हार्डशिप अलाउंस को 10 फीसदी तक किया जा सकता है। इसके अलावा रिस्क अलाउंस को भी बढ़ाया जा सकता है। नए साल में पुलिस महकमे की हाउसिंग स्कीम भी शुरू होगी, जिसके तहत 20 हजार कर्मियों को हाउसिंग सुविधा दी जानी है। इसके लिए भी जोरशोर से काम चल रहा है।