बीएसएफ ने सुचेतगढ़ बॉर्डर पर फहराया 131 फीट ऊंचा तिरंगा
- फोटो : अमर उजाला
अंतरराष्ट्रीय सीमा सुचेतगढ़ की ऑक्ट्राय पोस्ट पर गणतंत्र दिवस के मौके पर 131 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा फहराया गया। जोकि पाकिस्तान के सियालकोट में भी दिखेगा यह इलाका सुचेतगढ़ से मात्र 11 किलोमीटर की दूर स्थित है।
गणतंत्र दिवस के मौके पर बीएसएफ के आईजी एनएस जमवाल ने ध्वजारोहण किया। उनके साथ बीएसएफ, पर्यटन विभाग लयुपिन फांउडेशन और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सुचेतगढ़ में बॉर्डर टूरिज्म को बढ़ावा देने और सरहद पर शांति बनाए रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किया गया है। बीएसएफ ने भी इस बार अपना मुख्य कार्यक्रम सुचेतगढ़ में ही मनाया, ताकि पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सके।
मंगलवार सुबह तिरंगा फहराने के बाद कई सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाए गए। आईजी जमवाल ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बीएसएफ ने कई तरह के सुझाव पर्यटन विभाग को दिए हैं। बीएसएफ इस पर्यटन स्थल को पूरी सुरक्षा देगा, साथ ही इसे विकसित करने में भी योगदान दिया जाएगा। आईजी ने कहा कि एक महीने के भीतर बीएसएफ के पास जो भी मामले जमीन ट्रांसफर के हैं, उनको हल किया जाएगा।
सीआरपीएफ ने भी धूमधाम से मनाया गणतंत्र दिवस
सीआरपीएफ ने भी अलग-अलग बटालियनों में गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराया। बन तानाब के सीआरपीएफ कैंपस में मुख्य आयोजन किया गया। इस मौके पर जम्मू सेक्टर के आईजी पीएस रनपिस मुख्य रूप से मौजूद रहे। शहादत देने वाले सीआरपीएफ के वीर जवानों को भी याद किया गया। कई तरह के रंगारंग कार्यक्रम पेश किए गए। अलग-अलग बटालियनों में आयोजन किए गए।