जम्मू। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना समेत रियासत से पार्टी के सांसद, पूर्व विधायक, एमएलसी सहित करीब 300 नेता वीरवार को नई दिल्ली रवाना हो गए। वह 11 जनवरी से शुरू हो रही पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में हिस्सा लेंगे।
बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर देशभर से भाजपा के नेता एकत्रित होंगे और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह समेत अन्य नेताओं से चुनाव में जीत के गुर सीखेंगे। प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना के अनुसार बैठक में देश के प्रत्येक राज्य से भाजपा के नेता पहुंचेंगे और आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति के बारे में जानकारी देंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार जम्मू-कश्मीर में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव हों या नहीं, इस मामले पर प्रदेश नेतृत्व पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के साथ चर्चा भी करेगा। रियासत में भाजपा के तीन लोकसभा सांसद हैं। इनमें से लद्दाख के सांसद थुप्स्टान छिवांग बैठक में हिस्सा नहीं लेंगे। वह दिसंबर, 2018 में पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे चुके हैं। हालांकि उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है। इसके अलावा लद्दाख में उनके कुछ और समर्थक भाजपा नेताओं के भी बैठक से दूरी बनाए रखने के आसार हैं।