दो जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा में श्री अमरनाथ बर्फानी लंगर्स आर्गनाइजेशन (साबलो) 116 लंगर लगाएगी। पिछले साल की तरह सभी लंगर यात्रा के पारंपरिक रूट पर लगाए जाएंगे।
साबलो ने देशभर से यात्रियों की सेवा के लिए आने वाले सेवादारों की पुलिस वेरिफिकेशन का विरोध किया है। पारंपरिक बालटाल की तरह पहलगाम ट्रैक पर लंगर की सामग्री रखने के लिए कलस्टर स्टोर का निर्माण करवाने पर जोर दिया गया।
यात्रियों की लगातार गिरती संख्या पर चिंता जताते हुए साबलो ने व्यवस्थाओं को सुनिश्चित बनाने को कहा है। शुक्रवार को कालिका भवन जम्मू में श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में साबलो ने कई मुद्दों को उठाया।
बैठक में कई अहम बिंदुओं पर चर्चा
साबलो के चेयरमैन विजय ठाकुर ने कहा कि सेवादारों की सूची अंतिम समय पर फाइनल होती है। वे देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया में काफी देरी होगी। वर्ष 2015 में लंगर संस्थाओं पर थोपे गए इस प्रावधान का साबलो विरोध करती रही है।
बैठक में पंजीकरण का दायरा बढ़ाने, आन स्पाट पंजीकरण और स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पंजीकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाने, स्वास्थ्य प्रमाणपत्र को सरल बनाने, यात्रा को एक माह करने, सुरक्षा, सेवा देने वालों को सिंगल आईडी देने, खराब मोबाइल सिगनल, यात्रा परमिट अनुमति, यात्रा बीमा, शौचालयों की कमी, दोमेल असेस कंट्रोल गेट सहित 38 बिंदुओं पर चर्चा की गई।
महासचिव राजन गुप्ता ने कहा कि साबलो की ओर से यात्रियों को सभी लंगर सुविधाएं मुहैया करवाने पर काम किया जाता है। ऐसे में उनकी समस्याओं और मांगों को प्रशासन व बोर्ड गंभीरता से ले।