किश्तवाड़। जिला उपायुक्त अंग्रेज सिंह राणा ने मंगलवार को एक आदेश जारी कर बोंजवाह के तहसीलदार शोएब लतीफ का वेतन रोक दिया। जारी आदेश में कहा गया है कि तहसीलदार से ग्रीवेंस सेल के नोडल अधिकारी ने मिडिल स्कूल मेनाथन बोंजवाह का दौरा करने को कहा था। लेकिन उन्होंने आदेश का पालन नहीं किया।
तहसीलदार शोएब को कहा गया था कि मैनाथन मिडिल स्कूल जाकर टीचिंग स्टाफ की उपस्थिति की जांच करें और जोनल शिक्षा अधिकारी द्राबशाला के कार्यालय के रिकॉर्ड से तथ्यों को सत्यापित करे। साथ ही स्कूल के सुचारू कामकाज के बारे में स्थानीय स्तर पर पूछताछ कर पूरी रिपोर्ट पेश करने को गया गया था। लेकिन तहसीलदार शोएब ने निर्देशों को बहुत हल्के में लिया। उन्होंने निर्देशों का पालन करने के बजाय नायब तहसीलदार की प्रतिनियुक्ति कर दी, जिन्होंने आधी-अधूरी सूचना पेश की। इसके कारण डीसी ने तहसीलदार का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया। जिला उपायुक्त ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को चेतावनी दी कि वे सरकारी कार्यालयों में समय के पाबंद रहें और अपने कर्तव्यों का पालन करें।