हीरानगर। शनिवार की दोपहर जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर चड़वाल मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को हीरानगर उपजिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है।
चड़वाल मोड़ पर यह हादसा दोपहर में दो बजकर 2.45 बजे के आसपास हुआ। कठुआ से जम्मू की ओर जा रही सुपरफास्ट बस (जेके02बीबी-8517) एक ट्रक से जा भिड़ी। ट्रक चालक ने चड़वाल मोड़ के नजदीक अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे पीछे आ रही तेज रफ्तार सुपरफास्ट बस ट्रक के पीछे जा भिड़ी।
इसी बीच बस के पीछे आ रहे एक अन्य ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मार दी। बस में आगे और पीछे दोनों तरफ से जबरदस्त टक्कर होने से उसके परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में बस के केबिन में बैठा एक व्यक्ति, बस का चालक और बस के पिछले हिस्से में बैठे दो लोग बुरी तरह से घायल हो गए।
हादसा होता देख आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और क्षतिग्रस्त बस से घायलों को निकालने का काम शुरू हुआ। तीन घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से उपजिला अस्पताल हीरानगर पहुंचाया गया, जहां से उन्हें जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया।
एक अन्य घायल को बस के पिछले हिस्से से निकालने में काफी समय लग गया, उसे भी बाद में प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान अंकुश निवासी सल्लन, बस चालक हरदेव सिंह निवासी विजयपुर, सुरजीत सिंह निवासी विजयपुर, हिरमन सिंह निवासी गोरखपुर (यूपी) वर्तमान में मुख्य चौक, कठुआ के रूप में हुई है। इस दौरान लगभग दो घंटे तक नेशनल हाईवे की एक ट्यूब पूरी तरह से जाम रही।
सीट को काटकर निकाला गया घायल अंकुश
हीरानगर। सल्लन निवासी अंकुश कठुआ से सल्लन की ओर जा रहा था। चड़वाल के बाद उसे दियालाचक में उतरना था, लेकिन बस दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे के बाद सभी घायलों को तुरंत उपजिला अस्पताल हीरानगर तक पहुंचाया गया।
बस के पिछले हिस्से में सवार अंकुश घायल होने के बाद भी डेढ़ घंटा फंसा रहा। स्थानीय लोगों ने मदद का हाथ बढ़ाया और बस की सीटों के बीच फंसी अंकुश की टांग को निकालने के लिए सीटों को काटने का इंतजाम किया गया। कटर की मदद से लगातार कोशिश जारी रही। वहीं डेढ़ घंटे बाद उसे बस से बाहर निकाल लिया गया।