अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रधानमंत्री कार्यालय, पेंशन, अटामिक एनर्जी, स्पेस मंत्रालयों के केंद्रीय राज्य मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने कहा हैं कि नए घोषित किए गए 170 किलोमीटर लंबे बसोहली भद्रवाह डोडा नेशनल हाइवे पर छत्तरगला टनल का करीब 3500 करोड़ की राशि से निर्माण किया जाएगा। नई दिल्ली में बुधवार को उनसे मिले भद्रवाह के विधायक दिलीप सिंह परिहार से मुलाकात के बाद डा. जितेंद्र सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि छत्तरगला टनल के निर्माण में करीब दस से 15 साल की अवधि लग सकती है। उन्होंने कहा भद्रवाह के विधायक ने लोगों की लंबित मांग को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार का आभार प्रकट किया है। वहीं विधायक परिहार ने इस अवसर पर केंद्र सरकार के अलावा डा. जितेंद्र सिंह का धन्यवाद करते हुए कहा कि छत्तर गला टनल के निर्माण को मंजूरी मिलने से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। डा. जितेंद्र सिंह ने कहा कि वह छत्तरगला टनल के निर्माण के बाद पूरे चिनाब संभाग में बड़ा बदलाव आएगा और इससे भद्रवाह, बनी, बसोहली के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। करीब 6.2 किलोमीटर लंबी छत्तरगला टनल से करीब 26 किलोमीटर की यात्रा कम होगी। इसके अलावा सड़क को आल वैदर बनाने में भी मदद मिलेगी। डा. जितेंद्र सिंह का कहना हैं कि 170 किलोमटर लंबे नेशनल हाइवे पर टनल के निर्माण के बाद चिनाब संभाग व बसोहली बनी क्षेत्र में सामाजिक व आर्थिक भी सुधार आएगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।