- 10वीं का परिणाम : एक प्रतिशत के सुधार के साथ हिंदी विषय का नतीजा लगातार दूसरे साल सबसे बेहतर
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से घोषित दसवीं कक्षा के परिणाम में विषयवार देखें तो इस बार गणित में पिछले साल की तुलना में 18 फीसदी अधिक विद्यार्थी सफल हुए हैं। पिछले साल 70 फीसदी बच्चे ही गणित विषय में पास हो पाए थे, इस बार परिणाम बढ़कर 88 फीसदी रहा है। यानी इस बार गणित विषय में ज्यादा बच्चे सफल रहे हैं।
वहीं लगातार दूसरे वर्ष हिंदी विषय का परिणाम सबसे अच्छा 96 फीसदी रहा है। पिछले साल हिंदी विषय का परिणाम 95 फीसदी था, जिसमें एक फीसदी का सुधार हुआ है। इस बार 146136 विद्यार्थियों ने अंग्रेजी विषय का पेपर दिया था, जिसमें 83 फीसदी सफल रहे। वहीं गणित में 146102 में से 88 फीसदी सफल रहे। हिंदी में 146242 ने परीक्षा दी जिसमें 96 फीसदी बच्चे सफल रहे। उर्दू विषय में सबसे कम 99896 ने परीक्षा दी जिसमें 91 फीसदी सफल रहे। वहीं विज्ञान विषय में 146103 में 92 फीसदी सफल रहे, जबकि सोशल साइंस में 146136 में 92 फीसदी बच्चे सफल रहे हैं। वोकेशनल विषय के प्रति भी बच्चों का रुझान बढ़ा रहा है। टेलीकम्युनिकेशन और सिक्योरिटी विषय में सबसे ज्यादा 95-95 फीसदी परिणाम रहा है। वोकेशनल विषय में सबसे ज्यादा रुझान 8650 विद्यार्थी थे, जिसमें 86 फीसदी सफल रहे वहीं रिटेल में 2320 विद्यार्थियों में से 84 फीसदी सफल रहे, ट्रेवल एंड टूरिजम में 2533 में से 86 फीसदी सफल रहे जबकि हेल्थकेयर में 2723 विद्यार्थियों में से 85 फीसदी सफल रहे हैं। ब्यूरो