उधमपुर। जवाहर टनल के बाहर भारी बर्फबारी के बाद बुधवार को लगातार चौथे दिन राष्ट्रीय राजमार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहा। चार दिन से रोके जाने के बाद उधमपुर में फंसे यात्रियों व वाहन चालकों की परेशानी दुगनी हो गई है। ट्रक चालकों का कहना है कि चार दिन से सभी फंसे हुए हैं और अभी तक जिला प्रशासन की तरफ से किसी तरह की मदद नहीं मिली है।
गौरतलब है कि जवाहर टनल के बाहर भारी बर्फबारी के बाद रविवार रात से राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है। बुधवार को मौसम में सुधार होने के बाद राजमार्ग के खुलने की उम्मीद थी। इसी का इंतजार यात्री व चालक भी करते रहे, लेकिन शाम तक राजमार्ग के खुलने की सूचना नहीं मिली। उधमपुर में जखैनी से लेकर टिकरी तक करीब 20 किलोमीटर लंबे राजमार्ग पर हजारों की संख्या में रोके गए ट्रक व यात्री वाहन खड़े हैं और सुविधाएं न मिलने के कारण यात्री व चालक परेशान हैैं। कई यात्री वाहन जम्मू की तरफ वापस लौट गए हैं। ट्रकों के चालकों ने कहा कि आज उनका राजमार्ग पर चौथा दिन है। उनके पास जो राशन था वह खत्म हो गया है। अब सभी ढाबों पर खाना खाकर गुजारा कर रहे हैं। उनके पास अब राशि भी खत्म होने की कगार पर पहुंच चुकी है। उधमपुर के जिला प्रशासन की तरफ से भी अभी तक किसी तरह की राहत देना तो दूर कोई हालात का जायजा लेने के लिए भी उनके पास नहीं आया है। वहीं पुलिस का कहना है कि वीरवार को अगर मौसम साफ रहता है तो राजमार्ग के खुलने की संभावना है।