उधमपुर। राजस्थान में आई धूल भरी आंधी का असर उधमपुर में शनिवार को दूसरे दिन भी देखने को मिला। शुक्रवार रात को तेज बारिश के बाद भी शहरवासियों को धूल से राहत नहीं मिल सकी है। बारिश के बाद कुछ घंटे के लिए धूल नहीं दिखी, लेकिन मौसम साफ होने के बाद फिर से शहर व ग्रामीण इलाके धूल की चपेट में आ गए।
गौरतलब है कि शुक्रवार दोपहर को राजस्थान में आई धूल भरी आंधी का असर उधमपुर में देखने को मिला था। देखते ही देखते पूरा शहर धूल की चपेट में आ गया था। हालात इतने ज्यादा खराब हो गए थे कि लोगों के लिए घरों में बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया था। मौसम विभाग के अनुसार बारिश के बाद ही धूल से राहत मिलनी थी। शुक्रवार रात को उधमपुर और आसपास के इलाकों में जमकर बारिश हुई। बारिश के बाद सुबह के समय आसमान पूरी तरह से साफ दिख रहा था। लग रहा था कि अब उधमपुर में धूल पूरी तरह से खत्म हो गई है। लेकिन दोपहर करीब एक बजे अचानक फिर से धूल नजर आने लगी।
उधमपुर के आसपास के पहाड़ भी पूरी तरह से धूल से लिपटे हुए नजर आ रहे। बाहर निकलने पर लोगों को धूल के कारण काफी परेशानी हो रही। स्थिति यह हो गई है कि शनिवार को कई लोगों ने बच्चों को बाहर भेजने पर प्रतिबंध लगा दिया। शहरवासी भी बहुत कम घरों से बाहर निकले। अब सभी धूल के खत्म होने का इंतजार कर रहे हैं।