राजोरी/नौशेरा/सुंदरबनी। राजोरी जिले में मंगलवार की रात को तूफान के साथ बारिश भारी तबाही लेकर आई। जान-माल की काफी क्षति हुई। कई आशियानें उजड़ गए। बिजली ढांचे को व्यापक नुकसान पहुंचा। भारी संख्या में फलदार पेड़ गिर गए। सब्जियों की फसल भी तबाह हुई।
बुद्धल तहसील के कोटरंका अंतर्गत पड़ने वाले गांव तरगाईं में तूफान और बारिश के बीच काफी जोर से बिजली कड़की। गांव के मुनीर हुसैन (40) और उसकी मासूम बेटी आसिया अख्तर (7) पर बिजली गिर आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मुनीर की दस भेड़ों की मौत भी बिजली की चपेट में हो गई। इसके अलावा नौशेरा तहसील के पुखरणी पंचायत अंतर्गत पड़ने वाले पीर बडेसर निवसी मो. कयूम का कुल्ला गिर गया, जिससे उसके अंदर बंधे पांच मवेशियों की मौत हो गई। एसडीएम के निर्देश पर पशु पालन विभाग की टीम डॉ. विकास खजूरिया और डॉ. गुसरत चौधरी मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। दूसरी ओर राजपुर कमिला में ौरव सिंह की चार बकरियां भी तूफान की भेंट चढ़ गईं। नौशेरा तहसील में भी तूफान और बारिश से भारी नुकसान हुआ। कई जगहों पर बिजली के खंभे भी टूट गए। कई जगहों पर पेड़ और पेड़ की डालियां बिजली लाइन पर गिर जाने से ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया और बिजली गुल हो गई। बुधवार देर शाम तक कई इलाकों में बिजली बहाल नहीं हो सकी थी। राजल निवासी दुशत देवी का कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। सतपाल, सोनू कुमार, मंजीत सिंह, कमलेश देवी, सोनू आदि के कच्चे मकान ढह गए।
सुंदरबनी इलाके में भी काफी नुकसान हुआ है। तेज हवाओं से आम तथा सब्जियों की फसलों का नुकसान हुआ है। काफी संख्या में लोगों के टिन की शेड उड़ गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिनमें से उपजिला सुंदरबनी के सीमावर्ती गंाव उठंगर से ज्ञानो देवी अपनी टिन की शेड गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गई है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जम्मू मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है। यहीं के रहने वाले बिहारी लाल भी शेड गिरने से घायल हो गया। उसके तीन मवेशियों को भी चोटें आई हैं। इस तरह के गांव कांगड़ी के रहने वाले शाम लाल के पोल्ट्री फार्म गिरने से दो लाख रुपये के मुर्गे मर गए।
-----------
सुंदरबनी में चौबीस घंटों से बिजली सप्लाई ठप
सुंदरबनी (ब्यूरो)। सुंदरबनी में मंगलवार देर शाम से बंद हुई बिजली की सप्लाई बुधवार शाम तक नहीं बहाल हो पाई थी।
बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सुंदरबनी सब डिवीजन में बिजली की लाइनों में इतनी खराबी हो चुकी है कि पूरी तरह से बिजली सप्लाई को बहाल करने में तीन-चार दिन लग सकते हैं। उन्होंने कहा कि सुंदरबनी नगर तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में बुधवार देर शाम तक बिजली बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
--------------