सरकार गठन होने के बाद पहली कैबिनेट बैठक के बाद शिक्षा मंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रवक्ता नईम अख्तर ने कहा था कि अफसरशाही को सरकार से डरने की आवश्यकता नहीं। सरकार तबादलों की जगह विकास को बल देगी, लेकिन आंकड़े इस बात के गवाह हैं कि सरकार ने तबादलों की सुनामी ला दी। अभी पांच जून को 15 जिला वन अधिकारियों के तबादले किए गए।
इसे मिलाकर सरकार अब तक करीब एक हजार तबादले कर चुकी है। सभी सरकारी विभागों के उच्च अधिकारियों के तबादलों से लेकर मुलाजिमों तक के तबादले किए गए हैं। सरकार अपने 100 दिन पूरे करने जा रही है। तीन महीने किसी भी सरकार के लिए काम करने के लिए काफी कम होते हैं। बेशक तीन महीनों में सरकार की कोई खास उपलब्धि नहीं रही हो, लेकिन 100 दिन में एक हजार तबादले कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
सरकार ने अपनी दूसरी कैबिनेट में ही सरकारी विभागों के आयुक्त सचिवों, संभागीय स्तर के पुलिस और प्रशासनिक स्तर के अधिकारियों, श्राइन बोर्ड और राज्यपाल के सलाहकार जैसे अहम पदों के तबादले कर डाले। पुलिस में एडीजी और आईजी स्तर के अधिकारियों के तबादले किए। स्वास्थ्य विभाग में जिला अधिकारियों से लेकर डाक्टरों के तबादले किए।
कुल मिलाकर सभी विभागों में तबादले हुए हैं। अब अगला नंबर जिला उपायुक्तों और एसएसपी रैंक के अधिकारियों का है।