जम्मू। देश के विभिन्न राज्यों में तैनात करीब दस आईएएस अधिकारियों की जम्मू-कश्मीर में जल्द तैनाती हो सकती है। उत्तर प्रदेश और राजस्थान कैडर के चार आईएएस अधिकारियों की जम्मू-कश्मीर में कई अहम विभागों में प्रशासनिक सचिव के पद पर तैनाती से प्रदेश में बाहरी राज्यों से आईएएस अधिकारियों की तैनाती का रास्ता खुल चुका है।
प्रदेश में आईएएस अधिकारियों की मंजूर स्ट्रेंथ 137 है। वर्तमान में सरकारी रिकार्ड के अनुसार प्रदेश में आईएएस अधिकारियों की कुल उपलब्ध संख्या 59 है। चार आईएएस अधिकारियों के विभिन्न प्रदेशों से यहां तैनात होने से कुल संख्या 63 पर पहुंच गई है। जोकि अभी भी मंजूर क्षमता से आधी भी नहीं है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार उपराज्यपाल मनोज सिन्हा केंद्र सरकार से प्रदेश में 14 आईएएस अधिकारियों को भेजने का आग्रह कर चुके हैं। अभी तक एक आईआरएस और चार आईएएस अधिकारी केंद्र से डेपुटेशन पर जम्मू कश्मीर में पहुंच चुके हैं और उन्हें कई अहम विभागों का जिम्मा भी सौंप दिया गया है। केंद्र सरकार की तरफ से आगामी महीनों में करीब दस और आईएएस अधिकारियों को जम्मू कश्मीर भेजा जा सकता है।