रोहित ने कहा, हमला करने वाले तीन से चार आतंकी थे
राजोरी में आतंकी हमले में घायल हुआ रोहित चौबीस घंटे बाद भी सोमवार की शाम तक बदहवासी की हालत में था। वह कभी कुछ बोल रहा था तो कभी कुछ। जीएमसी के मुख्य आईसीयू के बेड नंबर दो पर भर्ती रोहित के मुताबिक हमला करने वाले तीन से चार आतंकवादी थे।
शाम के समय अंधेरा होने के कारण आतंकियों ने नीचे की तरफ से उन पर गोलियां बरसाईं। ऐसा लग रहा था कि वे तीन से चार की संख्या में थे। रोहित के दाहिने कंधे का आपरेशन करके आईसीयू में रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार रोहित के कंधे से गोली आरपार हो गई है।
जिससे कंधे की मुख्य हड्डी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है। हाथों की उंगलियों को चलाने वाला नर्व सिस्टम भी क्षतिग्रस्त हुआ है। फिलहाल रोहित की हालत खतरे से बाहर है। हमले के एक अन्य घायल शुभ शर्मा को सोमवार को परिवारवाले इलाज के लिए अमृतसर ले गए हैं।