परिजनों को चेक सौंपते सैन्य अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
गतवर्ष पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर बैट हमले में शहीद हुए तीन पोर्टरों और एक पैर गंवा चुके पोर्टर के परिजनों को सेना ने वित्तीय सहायता प्रदान की। सैन्य अधिकारियों ने शहीदों के परिजनों को आगे भी हर संभव मदद का आश्वासन दिया। बता दें कि शनिवार दोपहर पुंछ स्थित सेना के नाटो ऑडोटोरियम के बाहर समारोह का आयोजन किया गया।
इसमें शहीद और घायल पोर्टर के परिजनों के साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बटालियन के कमांडिंग अधिकारी ने की। पुंछ ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर पुनीत डोभाल, जिला विकास आयुक्त राहुल यादव और डीएसपी हेडक्वॉटर नवाज अहमद मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।
शहीद पोर्टर मोहम्मद लतीफ की पत्नी सफीना बी को 16 लाख 38 हजार 525 रूपये, शहीद मोहम्मद असलम की पत्नी नसीम अख्तर को 16 लाख 38 हजार 525 रूपये, शहीद जफर इकबाल की मां फातिमां को 16 लाख 70 हजार 325 रूपये का चेक प्रदान किया गया। जबकि बैट हमले में एक पैर गंवाने वाले पोर्टर मोहम्मद शोकत को 12 लाख 16 हजार 188 रूपये का चेक दिया गया।
सेना की तरफ से वित्तीय सहायता मिलने पर शहीद पोर्टरों के परिजनों ने आभार प्रकट किया। साथ ही कहा कि सेना ने उस हमले से लेकर आज तक हर प्रकार की सहायता की है। बता दें कि 10 जनवरी 2020 को करीब 10 बजे 10 पोर्टर सेना का सामान लेकर अग्रिम चौकी की तरफ जा रहे थे। इसी बीच पाकिस्तान की बैट टीम ने हमला कर दिया। जिसमें तीन पोर्टर शहीद हुए थे।