कठुआ में डेंगू का डंक जारी है। शनिवार को सामने आए सात मामलों के बाद बुधवार को दस और डेंगू पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। इससे जिले में डेंगू ग्रस्त मरीजों की संख्या बढ़कर 61 पहुंच गई है। ऐसा तब है, जब विभाग ने सितंबर माह में शहर के तमाम वार्डों में एहतियातन स्प्रे करवाने का दावा किया था।
ताजा मामले शहर के वार्ड दस, पटेल नगर, शिवानगर और चक सज्जन से संबंधित हैं। पटेल नगर और शिवानगर के इलाकों में विभाग ने सितंबर माह में भी स्प्रे नहीं करवाया था। ऐसे में डेंगू का डंक बढ़ने का खौफ भी लोगों में है।
डेंगू के 10 नए मामले रिपोर्ट हुए हैं। मलेरिया विंग की टीमों को निर्देश दिए जा चुके हैं। कोशिश की जाएगी कि शहर के शिवानगर और पटेलनगर में दोबारा स्प्रे करवाया जाए। मालूम हो कि अगस्त माह से डेंगू का डंक जिले को लगना शुरू हो गया था, अभी तक थमने का नाम नहीं ले रहा है। तापमान में लगातार हो रहा उतार चढ़ाव भी डेंगू नियंत्रित नहीं हो पाने का एक बड़ा कारण हो सकता है। -
डॉ. अशोक चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी