पुलवामा जिले के अवंतीपोरा के लाढो इलाके में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी आतंकी को ढेर कर दिया। इलाके में कुछ और आतंकियों के छिपे होने की आशंका के चलते सुरक्षा बलों द्वारा पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान आपरेशन चलाया जा रहा है।
मारे गए आतंकी की शिनाख्त पाकिस्तान के खूबैब उर्फ अबू कासिम के रूप में की गई है। माना जा रहा है कि मारा गया आतंकी हिजबुल मुजाहिदीन का है। उल्लेखनीय है कि बीते पांच दिनों में सुरक्षा बलों ने घाटी के अलग-अलग इलाकों में आठ आतंकियों को मार गिराया है।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के मुताबिक सुरक्षा बलों को खायबर मिल्क फैक्ट्री के पास दो आतंकियों के छिपे होने की पुख्ता सूचना मिली। इसके बाद सेना, एसओजी और सीआरपीएफ के जवानों ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया।
इस बीच, आतंकियों ने जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की। घंटों चली मुठभेड़ में जवानों ने एक आतंकी को मार गिराया। एसपी श्रीधर पाटिल ने बताया कि अवंतीपोरा के लाढो एरिया में खायबार मिल्क फैक्ट्री के पास आतंकियों के साथ मुठभेड़ हुई। उन्होंने बताया कि इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।