जिले के रख अंब टाली क्षेत्र में रविवार की रात को हुए सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को स्थानीय अस्पताल से जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार काका निवासी वैनगलाड और राकेश पांडे निवासी कानपुर, उत्तर प्रदेश रविवार रात को अपनी बाइक से सिडको के फेज दो से सांबा कसबे की ओर लौट रहे थे। पुलिस नाके को पार करने के दौरान सामने से आ रही कार ने उन्हें जोर की टक्कर मार दी। इससे वह दोनों सड़क पर गिर गए।
इसी बीच पीछे से बोलेरो कार आ गई, जिसने भी दोनों को टक्कर दे मारी। इसमें दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से जीएमसी रेफर कर दिया गया। रख अंब टाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं कार और बोलेरो चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गए। पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर लिया है।