लोहाई मल्हार तहसील के लोहाई गांव में रविवार की दोपहर एक भालू ने दो लोगों पर हमला कर उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया। महिला शकीना बेगम (62) की नाजुक हालत देखते हुए उसे प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कालेज जम्मू रेफर कर दिया गया। भालुओं के हमलों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने वाइल्ड लाइफ विभाग से फौरन इन भालुओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
रविवार की दोपहर यह हादसा उस समय हुआ, जब ग्रामीण अपने-अपने खेतों में खेतीबाड़ी के काम में जुटे हुए थे। अचानक एक भालू ने वहां पर काम कर रही शकीना बेगम (62) पर हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। जब पास में काम कर रहा इनायत उसकी मदद के लिए आगे आया तो भालू ने उस पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया।
बाद में आसपास के लोगों ने बड़ी मुश्किल से भालू को वहां से भगाया और दोनों घायलों को स्थानीय प्राइमरी हेल्थ सेंटर पहुंचाया। शकीना बेगम की हालत गंभीर देखते हुए डाक्टरों ने उसे फौरन प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज जम्मू रेफर कर दिया। जबकि इनायत का इलाज वहीं चल रहा है। जिसकी हालत अब खतरे से बाहर है।