जम्मू विश्वविद्यालय में चल रहे युवा महोत्सव में देशभक्ति समूह गायन स्पर्धा का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों ने देशभक्ति गीतों से माहौल को देशभक्ति मय बना दिया। इसमें करीब चौदह विश्वविद्यालयों ने हिस्सा लिया। अमृतसर की गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी के प्रतिभागियों ने ‘वतन का हर बशर अपना, सभी से दिल मिलाना है...’ देश भक्ति गीत गाया।
पटियाला की पंजाबी यूनिवर्सिटी ने ‘सतरंगी रंगों से गुंजन है पावन देश हमारा, दस दिशाओं में लहरा रहा है अपना तिरंगा प्यारा...’ गीत गाया। आगरा के दयालबाग एजूकेशनल इंस्टीट्यूट के प्रतिभागियों ने ‘इतना सुंदर, इतना सुंदर अपना देश...’ गीत गाकर देश के विभिन्न राज्यों की विभिन्न भाषा, संस्कृति, परंपरा और त्योहारों के समावेश को अभिभूत किया।
राजोरी के बाबा गुलाम शाह बादशाह यूनिवर्सिटी के प्रतिभागियों ने पारंपरिक गोजरी परिधान पहनकर गोजरी और पहाड़ी भाषा में देशभक्ति गीत ‘अख फरके तह दिल डोले, तु बैख मंडेरे बोले...’, ‘नाले गल्ला चार सुना सोनिये वाये नी म्हाड़े देश नी ए...’ गाया। कश्मीर यूनिवर्सिटी के प्रतिभागियों ने अपने गीत के जरिये पिछले वर्ष बाढ़ त्रासदी में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।