मौसम का मिजाज बदलने पर बारिश होने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर से वाहनों के पहिये थम गए हैं।
उधमपुर के खैरी में भूस्खलन के बाद राजमार्ग बंद होने पर कश्मीर, किश्तवाड़, डोडा और अन्य कई इलाकों की तरफ जाने वाले सैकड़ों यात्री जम्मू में फंस गए हैं। सभी यात्री बस अड्डे पर परेशान हैं। दो दिन तक मौसम विभाग ने मौसम खराब रहने की आशंका जताई है। रविवार सुबह राज्य के कई जगह में भारी बारिश और बर्फबारी हुई।
उधमपुर के खैरी इलाके में भारी बारिश के दौरान भूस्खलन का मलबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचा और राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। जम्मू शहर की सड़कोें पर पानी भरने से राहगीरों को परेशानी तो हुई ही, साथ ही दो पहिया वाहन चालक भी खासे परेशान रहे।
सड़कों में बने गड्ढों में पानी भरा होने से वाहन चालकों को पता नहीं चल रहा था, जिससे कई बार हादसे होते-होते बचे। कनाल रोड पर दुकानों और घरों में पानी भर जाने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई सरकारी कार्यालयों के परिसरों में पानी भर गया।
डोगरा चौक हो या फिर ज्यूल चौक हर चौक-चौराहों पर पानी भरा होने से राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालक परेशान रहे। राजमार्ग बंद होने के बाद जम्मू से वाहनों को आगे भेजने पर प्रतिबंध लगा दिया गया। ट्रकों को बन टोल प्लाजा के नजदीक फोर लेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोका गया है, जहां सैकड़ों की संख्या में ट्रकों को कतार में लगा हुआ देखा जा सकता है। वहीं यात्री वाहनों को बस अड्डा और शहर के विभिन्न हिस्सों में रोक दिया गया है। बस अड्डा पर घाटी के अलावा श्रीनगर, रामबन, डोडा, किश्तवाड़, भद्रवाह की तरफ जाने वाले यात्री रुके हुए हैं, जो खुले में खाना पकाकर अपना पेट भर रहे हैं।