चैत्र नवरात्र शुरू होने से दो दिन पहले आधार शिविर कटड़ा में भक्तों के स्वागत की तैयारियां आखिरी चरण में हैं।
एक ओर प्रमुख स्थानों पर स्वागत द्वारों का निर्माण किया जा रहा है, तो दूसरी ओर भवन की फूलों-फलों से होने वाली सजावट के लिए टीम भवन पहुंच चुकी है तथा सजावट का कार्य शुरू कर दिया है।
नवरात्र में भक्तों के स्वागत के लिए धर्मनगरी कटड़ा में एशिया चौक, मुख्य बस स्टैंड, भूमिका मार्ग पर भव्य स्वागत द्वारों का निर्माण किया जा रहा है।
इसके साथ ही स्थानीय लोगों द्वारा मुख्य बस स्टैंड पर विशाल मूर्तियों की स्थापना का कार्य भी आखिरी चरण में है। यहां सुबह-शाम को भव्य आरती का आयोजन होगा। ऐमिल कंपनी की एक टीम ने सजावट के लिए भवन पहुंच कर अपना कार्य शुरू कर दिया है।
सजावट के लिए विशेषतौर पर फूल देश-विदेश से मंगवाए जाते हैं। इनसे भवन का समूचा वातावरण खुशबू से महकता रहता है। नवरात्र में भवन में शतचंडी महायज्ञ की तैयारियां पूरी कर लिए जाने की बात बताई गई है।