जम्मू कश्मीर में प्रीपेड मोबाइल सेवा पर एसएमएस सुविधा के लिए अभी भी लोगों को इंतजार करना पड़ेगा।
केंद्रीय दूरसंचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. करूपा रानी किली के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्रालय के प्रतिबंध के कारण सेवा अभी तक शुरू नहीं हो पाई है।
फिलहाल आने वाले समय में भी इसे शुरू किए जाने की कोई संभावना नहीं है।
उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में बेहतर मोबाइल सेवा के लिए 150 नए टावरों की स्थापना की जा रही है।
दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या काफी है। हालांकि देश में भी ऐसे कई राज्य हैं, जहां नए टावरों को लगाए जाने की जरूरत है।
नए टावरों के लिए विशेष फंड जारी हुआ है। करीब तीन हजार टावर लगाए जा रहे हैं। इनमें 150 जम्मू कश्मीर में होंगे।
डॉ. करूपा रानी जम्मू में डाक विभाग द्वारा आयोजित एक समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं।
जम्मू कश्मीर के अपने चार दिनों के दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री माता वैष्णो देवी के दरबार हाजिरी लगाने गईं।
सोमवार दोपहर को वह श्रीनगर रवाना हो गईं। यहां पर वह डाक विभाग की प्रदर्शनी के अलावा कई कार्यक्रमों में भाग लेंगी। श्रीनगर से करूपा रानी नई दिल्ली लौटेंगी।
केंद्रीय मंत्री ने डाक विभाग के चीफ पोस्ट मास्टर जनरल (जेएंडके) जान सैमूयल और बीएसएनएल के मुख्य महाप्रबंधक आरके कौल को भी नई दिल्ली बुलाया है।
इससे पहले ऊधमपुर-डोडा क्षेत्र के सांसद लाल सिंह ने भी डाक विभाग की शाखाएं खोलने और जिन क्षेत्रों में नेटवर्क नहीं है, वहां टावर लगाने की मांग की।