गंग्याल और आस-पास के क्षेत्रों में कुछ दिनों से बिजली कटौती के चलते लोग काफी परेशान हैं।लोगों का कहना है कि जब से ठंड बढ़ी है तब से कटौती लगातार बढ़ रही है और अब हालात यह है कि चौबीस घंटेे में महज कुछ ही घंटे बिजली मिल रही है।
क्षेत्र के निवासी शमशेर कुमार, राकेश शर्मा, रिंकू मेहरा आदि लोगों ने बताया कि 10 दिनों से बिजली कटौती काफी बढ़ गई है।
बिजली कटौती से क्षेत्र के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने कहा कि बिजली कटौती के कारण बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है और अगले माह से बच्चों के पेपर शुरू होने वाले हैं।
लोगों ने बिजली विभाग पर आरोप लगाया कि विभाग की जब मर्जी होती है तब बिजली बंद कर देते हैं लेकिन उसके बाद बिजली कब आएगी उसके बारे में कोई पता नहीं होता है।
कई बार तो एक साथ चार घंटों से भी अधिक समय तक बिजली बंद रहती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि वह मामले में हस्तक्षेप कर लोगों को बिजली की इस समस्या ये निजात दिलवाएं।