राज्य की गठबंधन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पैंथर्स पार्टी ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। जिला सचिवालय के सामने पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार हंगामा किया। राज्य के उप मुख्यमंत्री का पुतला जलाकर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जम्मू संभाग के लिए मंजूर किए गए एम्स को श्रीनगर शिफ्ट कर दिया गया है। कठुआ के लिए घोषित मेडिकल कालेज की मंजूरी की दावा भी खोखला साबित हो रहा है।
प्रदर्शनकारियाें का नेतृत्व करते हुए उधमपुर के पूर्व विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता बलवंत सिंह मनकोटिया ने कहा कि जम्मू संभाग के लिए मंजूर किए गए ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस को नई सरकार ने वजूद में आते ही कश्मीर में शिफ्ट करने की घोषणा कर दी।
कठुआ में मेडिकल कालेज बनाने को मंजूरी देने के महीनों बीतने के बावजूद मेडिकल कालेज का कोई अता पता नहीं है। पूर्व मंत्री यशपाल कुंडल और पार्टी के अन्य नेताओं ने कहा कि राज्य में गठबंधन के नाम पर सिद्धांतों और जन सुरक्षा के साथ समझौता किया गया है।
भाजपा ने सत्ता की खातिर सैन्य कटौती के क्रम को समर्थन दे दिया है। यही वजह है कि कठुआ जिले के पर्वतीय क्षेत्र बनी और बिलावर से सेना हटाई गई है।
प्रदर्शनकारियों ने मौसम से हुई तबाही पर सरकार की चुप्पी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आए दिन अरबों रुपये की राहत मंजूर कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर यह पैसा पहुंच ही नहीं रहा है। किसानों की फसलें बुरी तरह से चौपट हो गई हैं। बीते वर्ष के नुकसान की भरपाई भी अभी तक नहीं की गई है। ऐसे में सरकार के खिलाफ पैंथर्स पार्टी आंदोलन करेगी।